वाराणसी राजातालाब। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना राजातालाब की टीम द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना क्षेत्र के ग्राम नरसड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय में मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने पहुंचकर छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।read more:https://khabarentertainment.in/ghazipur-uproar-47-sp-leaders-named-in-stone-pelting-case-case-filed-against-200-unidentified-people-investigation-intensified/
कार्यक्रम का नेतृत्व मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मानसी यादव ने किया। उनके साथ आरक्षी मनन एवं आरक्षी जितेंद्र भी मौजूद रहे। टीम ने विद्यालय में उपस्थित बच्चों को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्य, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े अधिकारों तथा सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से गुड टच और बैड टच के बारे में सरल भाषा में समझाया गया, ताकि बच्चे किसी भी अनुचित व्यवहार को पहचान सकें और समय रहते अपनी बात अभिभावकों या शिक्षकों तक पहुंचा सकें। बच्चों को यह भी बताया गया कि वे किसी भी डर या झिझक के बिना अपनी समस्या साझा करें।
पुलिस टीम ने बच्चों को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके—
चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर – 1098
महिला हेल्पलाइन नंबर – 1090
पुलिस आपातकालीन सेवा – 112
महिला आपातकालीन सेवा – 181
कार्यक्रम के दौरान बच्चों से संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। पुलिस टीम ने उन्हें जागरूक, सतर्क और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की घटना या परेशानी होने पर तत्काल इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें और पुलिस की मदद लें।
विद्यालय के शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के मानसिक एवं सामाजिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इससे बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और वे किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार होते हैं।
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से मिशन शक्ति टीम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पुलिस हर समय उनकी सहायता के लिए तत्पर है।