नूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव धमरौला निवासी एक परिवार ने जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए नूरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि ब्याज पर रुपये देने वाले युवक ने धोखे से उनकी जमीन अपने नाम करा ली और अब उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-and-superintendent-of-police-reviewed-prosecution-and-law-and-order/ गांव धमरौला निवासी सरोज देवी पत्नी महेश सैनी अपने परिवार के साथ नूरपुर थाने पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि पुत्री के विवाह के समय गांव के ही एक युवक से जमीन गिरवी रखकर एक लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि वह लगातार ब्याज देता रहा, लेकिन कुछ समय बाद युवक ने उन्हें झांसे में लेकर जमीन का बैनामा अपने नाम कराने की बात कही। पीड़िता के अनुसार युवक ने कहा कि यदि जमीन का बैनामा उसके नाम कर दिया जाए तो वह और रकम दे देगा तथा पुराना ब्याज भी माफ कर देगा। साथ ही जरूरत पड़ने पर जमीन वापस करने का भरोसा भी दिया। आरोप है कि उसकी बातों में आकर उन्होंने जमीन का बैनामा कर दिया। अब जब पीड़ित परिवार ने रुपये लौटाकर जमीन वापस करने की बात कही तो युवक ने इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति को भी बेच दी है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आज भी वे उसी खेत में खेती कर रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर से उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस से जमीन वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि यदि जमीन वापस नहीं मिली तो वे सड़क पर आने को मजबूर हो जाएंगे।
थाना प्रभारी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया