सोनभद्र। तहसील रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के ग्राम सण्डा निवासी एक महिला ने अपने मानसिक रूप से विक्षिप्त पति की जमीन हड़पने की साजिश का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि कुछ लोग उसके पति की मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर उनकी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/prerna-yatra-organized-on-mangal-pandey-martyrdom-day-and-bankim-chandra-chattopadhyays-death-anniversary/ग्राम सण्डा निवासी राधा पत्नी काजू उर्फ कामेश्वर ने प्रशासन को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उनका उपचार मनोचिकित्सक से चल रहा है। उन्होंने बताया कि मौजा मरकरी, परगना विजयगढ़ स्थित आराजी संख्या 64 रकबा 1.130 हेक्टेयर भूमि में उनके पति का आधा हिस्सा दर्ज है। यही भूमि परिवार और बच्चों के भरण-पोषण का एकमात्र सहारा है। राधा का आरोप है कि रॉबर्ट्सगंज निवासी एक व्यक्ति ने उनके पति की मानसिक स्थिति का लाभ उठाकर लगभग एक बीघा भूमि का बैनामा अपनी पत्नी के नाम करा लिया। इसके अलावा शेष भूमि के संबंध में भी कथित रूप से इकरारनामा कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। पीड़िता का दावा है कि क्षेत्र में भूमि का बाजार मूल्य काफी अधिक है, जबकि बैनामा बेहद कम कीमत पर कराया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची जा रही है, जिससे उसके परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उसने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास को तत्काल रोकने की मांग की है। राधा ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसके परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो जाएगा। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की मांग की जा रही है।