बिजनौर । अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित ने सोमवार को नगर पालिका परिषद किरतपुर के मोहल्ला बुद्धपाड़ा, वार्ड संख्या-14 में संचालित कान्हा गौवंश आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद किरतपुर मेधा गुप्ता, गौशाला प्रभारी सुरेन्द्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे, जबकि सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कासम अली अनुपस्थित पाए गए।निरीक्षण के दौरान गौशाला में 70 गौवंश संरक्षित पाए गए, जिनमें 29 नर एवं 41 मादा गौवंश शामिल हैं। सभी गौवंशों की जियो टैगिंग तथा नर गौवंशों का बधियाकरण कराया जाना बताया गया। उन्होंने गौशाला में साफ-सफाई की स्थिति, चारा, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पंखों, सीसीटीवी कैमरों तथा वर्षा से बचाव की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।निरीक्षण में एक गौवंश लिम्पी जैसी बीमारी से संक्रमित तथा एक गौवंश चोटिल पाया गया, जिन्हें अन्य गौवंशों से पृथक नहीं रखा गया था। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि बीमार एवं चोटिल गौवंशों को तत्काल अन्य पशुओं से पृथक रखा जाए तथा उनका समुचित उपचार एवं मरहम-पट्टी पशु चिकित्सा अधिकारी से कराया जाए।गौशाला में पेयजल की नाद खाली, जगह-जगह गंदगी, कुछ पंखे खराब तथा विद्युत व्यवस्था बाधित पाई गई। इसके अलावा भूसे की स्टॉक पंजिका में उपलब्धता शून्य दर्शाए जाने के बावजूद मौके पर लगभग 03 कुंतल भूसा पाया गया।
read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/साईलेज के कुछ कट्टे भी रखे मिले, जिनमें साईलेज खराब अवस्था में पाया गया। अपर जिलाधिकारी ने खराब साईलेज को गौवंशों को न खिलाने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने वर्षा एवं ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए गौशाला में हरा चारा, भूसा, चौकर का पर्याप्त भंडारण, स्वच्छ पेयजल, तिरपाल, कूलर, पंखे एवं एग्जॉस्ट फैन आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गौशाला में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की शत-प्रतिशत क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने गौशाला के बाहर मुख्य द्वार पर गौशाला से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं का सूचना-पट्ट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही गत निरीक्षण में दिए गए निर्देशों का अनुपालन न होने पर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान गौशाला से लगे तालाब में हरी काई एवं दुर्गंधयुक्त पानी पाए जाने पर अपर जिलाधिकारी ने तालाब एवं उसके किनारे निर्मित ओपन जिम की समुचित साफ-सफाई कराने के निर्देश अधिशासी अधिकारी को दिए, ताकि आमजन एवं युवाओं द्वारा ओपन जिम का सुचारु रूप से उपयोग किया जा सके। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौशाला में संरक्षित निराश्रित गौवंशों के लिए स्वच्छता, पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार तथा सुरक्षित वातावरण की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराते हुए शासन के निर्देशों के अनुरूप गौवंशों की देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।