गाजीपुर। पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री स्वर्गीय चौधरी लालता प्रसाद निषाद के त्रयोदशाह कार्यक्रम के अवसर पर गुरुवार को उनके चाड़ीपुर स्थित पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने पहुंचकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल भी श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। उन्होंने स्व. चौधरी लालता प्रसाद निषाद को याद करते हुए कहा कि उनके निधन से समाजवादी पार्टी ने अपना एक मजबूत, कर्मठ और सिद्धांतवादी सिपाही खो दिया है। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में कभी भी पद और प्रतिष्ठा के लिए अपने उसूलों से समझौता नहीं किया। वे सादगी, सरलता और जनसेवा की सच्ची मिसाल थे तथा समाजवादी विचारधारा के प्रति पूरी निष्ठा के साथ जीवनभर कार्य करते रहे।श्यामलाल पाल ने कहा कि स्व. चौधरी लालता प्रसाद निषाद नेता जी मुलायम सिंह यादव के अत्यंत करीबी सहयोगियों में रहे। वे अपने संबोधनों में मंच के नीचे बैठी जनता को “जमींदार” और मंच पर बैठे नेताओं को “चौकीदार” कहकर संबोधित करते थे। उनका स्पष्ट मानना था कि लोकतंत्र में जनता ही असली मालिक होती है और जनप्रतिनिधि केवल उसके सेवक हैं।उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज की सरकार के कार्यों से लोकतंत्र नहीं बल्कि राजशाही की झलक दिखाई देती है।read more:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/…………….सरकार आम जनता, छात्रों, नौजवानों और किसानों की आवाज को दबाने का कार्य कर रही है। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए छात्र एवं किसान आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार लोकतांत्रिक आंदोलनों को पुलिस की लाठी और बल प्रयोग से कुचलना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के सरोकारों से दूर होकर केवल पूंजीपतियों के हितों और अपने सांप्रदायिक एजेंडे को आगे बढ़ाने में लगी हुई है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश और देश की जनता सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान हो चुकी है तथा आगामी विधानसभा चुनाव में जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।श्रद्धांजलि सभा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भेजा गया शोक संदेश भी पढ़कर सुनाया गया, जिसमें उन्होंने स्व. चौधरी लालता प्रसाद निषाद के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद विशम्भर निषाद, विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव, विधायक जय किशन साहू, विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा, पूर्व विधान परिषद सदस्य रामवृक्ष यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश सचिव डॉ. शिव प्रताप यादव, राजकुमार पांडेय, आजाद राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजवादी कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय चौधरी लालता प्रसाद निषाद के पुत्र राहुल निषाद ने सभी आगंतुकों एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।