बाबा राम प्रकाश की तपोस्थली पर सजी जवाबी कीर्तन की महफिल, रातभर चला गायन का मुकाबला

Share

बहराइच ( पयागपुर )। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर बाबा राम प्रकाश जी की तपोस्थली कांधी कुइयां में मंगलवार की रात भक्ति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। जय राम प्रकाश बाबा संघ समिति कांधी कुइयां की ओर से विशाल जवाबी कीर्तन का आयोजन किया गया। मंगलवार शाम शुरू हुआ कीर्तन का कार्यक्रम पूरी रात चलता रहा। इसमें बुंदेलखंड से आईं सुप्रसिद्ध कीर्तन कलाकार कुमारी कमलेश्वरी कंचन और सचदेवा शरारती के बीच शानदार मुकाबला हुआ। दोनों कलाकारों ने अपनी गायन प्रतिभा, मधुर आवाज और धार्मिक रचनाओं से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।कार्यक्रम का शुभारंभ कुमारी कमलेश्वरी कंचन ने मां सरस्वती की वंदना ‘दो कृपा जरा सी माई, चाहूं तुम्हें मनाना’ प्रस्तुत कर किया। इसके जवाब में सचदेवा शरारती ने ‘रचना रचनाकारों में मां, संगीत भर दीजिए’ के माध्यम से मां सरस्वती की आराधना की।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/इसके बाद दोनों कलाकारों के बीच सवाल-जवाब और गायन का सिलसिला शुरू हुआ। कलाकारों ने बारी-बारी से धार्मिक, आध्यात्मिक और भक्ति भाव से ओतप्रोत रचनाएं प्रस्तुत कर एक-दूसरे को जवाब दिया।जवाबी कीर्तन के दौरान कभी भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी तो कभी शानदार गायन शैली ने लोगों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। दोनों कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से धार्मिक प्रसंगों और भक्ति परंपरा को स्वर दिया। पूरी रात चले इस मुकाबले में श्रोता भी उत्साह के साथ डटे रहे और कलाकारों की हौसला अफजाई करते रहे।बाबा राम प्रकाश जी की तपोस्थली पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम से क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा। गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित जवाबी कीर्तन ने ग्रामीण अंचल में लोक गायन और धार्मिक सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत झलक पेश की। समिति की ओर से आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *