किरतपुर । आषाढ़ माह के तीसरे रविवार के पावन अवसर पर किरतपुर के मोहल्ला चौहानान स्थित प्राचीन एवं सिद्ध श्री नंदलाल देवता मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने श्री नंदलाल देवता महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।श्री नंदलाल देवता मंदिर किरतपुर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जिसका इतिहास काफी प्राचीन माना जाता है। स्थानीय लोगों की गहरी आस्था इस मंदिर से जुड़ी हुई है। मान्यता है कि यह एक सिद्ध मंदिर है, जहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य स्वीकार होती है। क्षेत्र में होने वाले विवाह समारोहों से पहले यहां देवता पूजन की परंपरा वर्षों से निभाई जाती है। श्रद्धालु श्री नंदलाल देवता महाराज को किरतपुर क्षेत्र का “कोतवाल” भी मानते हैं और किसी भी शुभ कार्य से पूर्व उनके दर्शन करना शुभ माना जाता है।स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार श्री नंदलाल देवता मंदिर में आषाढ़ माह के प्रत्येक रविवार को भंडारा कराने का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस माह में अन्नदान करने से देवताओं की कृपा प्राप्त होती है, परिवार में सुख-समृद्धि आती है तथा मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। हिंदू धर्म में अन्नदान को सभी दानों में श्रेष्ठ माना गया है और आषाढ़ माह में किया गया भंडारा विशेष पुण्यदायी माना जाता है।read more:https://khabarentertainment.in/meritorious-students-honored-at-klgm-inter-college-incentive-amount-of-%e2%82%b961000-distributed/भंडारे का शुभारंभ सबसे पहले श्री नंदलाल देवता महाराज को भोग अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों को विधिवत भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद में मुख्य रूप से देसी घी का हलवा, घी-बूरा, कढ़ी-चावल, उड़द-चावल, आलू की सब्जी, पूरी एवं छोले परोसे गए, जिन्हें श्रद्धालुओं ने बड़े श्रद्धाभाव से ग्रहण किया। नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त किया।भंडारे के आयोजन में अमित वर्मा, गौरव वर्मा, विकास वर्मा, आकाश वर्मा, कृष्णा वर्मा, सूरज वर्मा, शिवाय वर्मा, रिद्धि वर्मा, सिद्धि वर्मा, नरेश वर्मा,अंकित वर्मा एवं सुमित वर्मा सहित अन्य श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।