शादी से पहले 19 वर्षीय रेशमा की संदिग्ध मौत: रेलवे ट्रैक पर मिला शव, नकदी-जेवर गायब होने से बढ़ा रहस्य

Share
कायमगंज/फर्रुखाबाद।
थाना कंपिल क्षेत्र के ग्राम कादरदादपुर सराय में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के दक्षिण ओर बंबे के पास रेलवे लाइन पर 19 वर्षीय युवती का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतका की पहचान रेशमा (19) पुत्री संजीव कुमार श्रीवास्तव निवासी ग्राम कादरदादपुर सराय के रूप में हुई। मौके पर आरपीएफ के एसआई सुशील कुमार पहुंचे और उनकी सूचना पर थाना कंपिल के एसआई दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका की मां सोनी देवी ने बताया कि रेशमा की शादी जिला कासगंज के थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर में तय हुई थी और 21 अप्रैल को बारात आनी थी। लेकिन इससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई।परिजनों के अनुसार रेशमा रात करीब 11 बजे घर से गायब हो गई थी। रात करीब 1 बजे जब मां की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर रखे बक्से का ताला भी खुला था और उसमें रखे एक लाख रुपये नकद, सोने के झाले, सोने के कुंडल तथा चांदी की लर और पायल तथा गुच्छा गायब मिले।ग्रामीणों के अनुसार युवती का जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव सिमरा नगला के एक युवक से पहले से लगाव था। बताया जा रहा है कि वह युवक हाल ही में गांव में भी देखा गया था। इस बात को लेकर परिजनों ने युवती को डांट-फटकार भी लगाई थी।ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि युवती ने क्षुब्ध होकर यह आत्मघाती कदम उठाया हो। हालांकि नकदी और जेवरात गायब होना भी मामले को संदिग्ध बना रहा है। रेलवे ट्रैक के पास से कोई भी गायब सामान बरामद नहीं हुआ है।पुलिस का कहना है कि अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। थाना कंपिल पुलिस के अनुसार तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर हर पहलू से जांच की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या फिर किसी ने साजिश की।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *