भारतीय किसान मजदूर यूनियन के होली मिलन समारोह में, किसानों ने अबीर-गुलाल लगाकर दी शुभकामनाएं
कायमगंज /फर्रुखाबाद-भारतीय किसान मजदूर यूनियन द्वारा कायमगंज कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सूरजपाल सिंह शाक्य ने की, जबकि संचालन डा. प्रेमचंद्र सक्सेना ने किया।समारोह में दूर-दराज से आए किसानों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की शुभकामनाएं दीं। फाग और होली गीतों के माध्यम से किसानों ने, प्रकृति और लहलहाती फसलों का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।वक्ताओं ने कहा कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, अंततः अच्छाई की तपिश में नष्ट हो जाती है। होलिका दहन के साथ बुराइयों का अंत हो चुका है, इसलिए अब सभी को नए उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण के साथ भाईचारे से समाज के निर्माण में जुटना चाहिए।इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष रामबहादुर राजपूत, नौरंगी लाल शाक्य, रजनीश सिंह शाक्य, डा. प्रेमचंद्र सक्सेना तथा वरिष्ठ किसान नेता सूरजपाल सिंह शाक्य ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए होली पर्व के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला और मेहनतकश किसानों की खुशहाली की कामना कर, आखिर में समापन अवसर पर फिर मिलेंगे, के गगन भेदी उद्घोष के साथ एक दूसरे से विदा ली।