जमानियां । आगामी रमजान, ईद और होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी सुश्री ज्योति चौरसिया एवं क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार के संयुक्त नेतृत्व में नगर कस्बा बाजार के संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च किया गया। गश्त के दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर मय पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई तथा लोगों से शांति एवं भाईचारे के साथ त्यौहार मनाने की अपील की गई।उपजिलाधिकारी सुश्री ज्योति चौरसिया ने बताया कि जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यह पैदल गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सभी समुदाय अपने-अपने त्यौहार बिना किसी भय और व्यवधान के मना सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करना है। क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना तत्काल पुलिस को दें।पैदल गश्त में दीपक मिश्रा, अश्वनी प्रताप सिंह, दिनेश सिंह, आलोक तिवारी, मुकुल मिश्रा, आयुष कुमार, रतन सरोज, अनूप राय सहित दर्जनभर पुलिस कर्मी शामिल रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से नगर में सुरक्षा का संदेश गया है और आमजन में विश्वास का माहौल बना है।