भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) की मासिक बैठक संपन्न
फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) की मासिक बैठक जनपद फतेहपुर में आयोजित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि रामदत्त मिश्रा रहे, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मधुसूदन तिवारी ने की। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह सहित संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों ने विद्युत विभाग पर गरीब, मजदूर एवं किसानों का बिजली बिल के नाम पर शोषण करने का आरोप लगाया। साथ ही तहसीलों में लेखपाल एवं वन विभाग के कर्मचारियों/अधिकारियों द्वारा कथनी और करनी में अंतर होने की बात कही गई। किसानों ने कहा कि कड़ाके की ठंड के बावजूद गांवों में अलाव न जलाए जाने से गरीब, मजदूर एवं किसान वर्ग अत्यधिक परेशान है। धान खरीद को लेकर थरियांव एसएमआई केंद्र पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा गया कि 41 किलो 200 ग्राम की तौल कराई जा रही है तथा किसान से बोरी ली जा रही है, जिसकी जांच कराई जाए। अन्य क्रय केंद्रों पर भी किसानों के धान की सही तौल नहीं किए जाने की शिकायत उठाई गई। बैठक में केवई से आरबीएस स्कूल बलीपुर तक की सड़क को अत्यंत जर्जर व दयनीय बताते हुए शीघ्र निर्माण की मांग की गई। वहीं कटवा बाईपास से मदनपुर मार्ग पर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की भी मांग उठी। बैठक में वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा। इस अवसर पर जिला युवा अध्यक्ष कल्लू सिंह, जिला महासचिव जितेंद्र त्रिपाठी, रामाश्रय यादव, मणिलाल सोनकर, बबलू यादव, अखिलेश सिंह, श्याम बाबू, सत्यजीत सिंह, समर सिंह, मुशीर हुसैन नकवी, पुष्पा देवी, सहन कुमार सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।