माघ मेला 2026 के दौरान फतेहपुर में खनन और उपखनिज परिवहन पर रहेगा प्रतिबंध

Share

माघ मेला 2026 के दौरान फतेहपुर में खनन और उपखनिज परिवहन पर रहेगा प्रतिबंध
फतेहपुर। माघ मेला प्रयागराज-2026 के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने फतेहपुर जनपद में खनन और उपखनिजों के परिवहन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी फतेहपुर रविन्द्र सिंह ने बताया कि प्रयागराज मेला प्राधिकरण में हुई समीक्षा बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है। पिछले वर्षों के माघ मेला अनुभवों को देखते हुए मुख्य स्नान पर्वों के दौरान यातायात दबाव को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है। निर्देश के अनुसार माघ मेला 2026 के मुख्य स्नान पर्वों से एक दिन पहले और एक दिन बाद तक जनपद में सभी प्रकार के उपखनिजों का खनन, निकासी और परिवहन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके साथ ही अन्य जनपदों या मध्य प्रदेश से होकर फतेहपुर की सीमा से गुजरने वाले उपखनिज लदे वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध पौष पूर्णिमा, मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि के अवसर पर लागू रहेगा। प्रशासन ने सभी खनन पट्टाधारकों, भंडारण अनुज्ञप्तिधारकों और लाइसेंस धारकों को निर्देश दिया है कि निर्धारित तिथियों में किसी भी स्थिति में खनिज का खनन या परिवहन न किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यातायात नियमों का पालन कर माघ मेला के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *