ट्रक की अचानक ब्रेक लगाने से अर्टिगा कार टकराई, एक की मौत; पांच घायल

Share
शेरकोट । हाईवे पर हुए सड़क हादसे में अर्टिगा कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सरदार खां की पुलिया के पास उस समय हुआ, जब कार सवार लोग दिल्ली जा रहे थे। आरोप है कि आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रही कार ट्रक से जा टकराई।अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव हिदायतपुर निवासी वसीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 नवंबर की रात उसके पिता महबूब अहमद समेत गांव के अन्य लोग अर्टिगा कार में सवार होकर दिल्ली में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कार इकबाल पुत्र जहीर अहमद निवासी गांव नावका चला रहा था। रात करीब 9:30 बजे जब कार शेरकोट में सरदार खां की पुलिया के पास पहुंची तो आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।हादसे में महबूब अहमद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक इकबाल, नसीम, मोहसिन, वाकर और कासिम गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्टिगा कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर की मोर्चरी में रखवाया गया। वसीम ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *