कांठ। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय कार्यसमिति के आह्वान पर बुधवार को जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज शर्मा के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर 12 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने के बाद शिक्षकों ने जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई।इस दौरान जिला उपाध्यक्ष डॉ. कपिल सिरोही ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बेसिक शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा दिए जाने का संघ स्वागत करता है, लेकिन शिक्षकों की कई ज्वलंत समस्याएं अभी भी लंबित हैं। इनके समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा। कोषाध्यक्ष संजय सिंह ने पुरानी पेंशन बहाली, वर्ष 2011 से नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट देने तथा समस्त शिक्षकों की पत्रावलियों की एसटीएफ जांच पर आपत्ति जताई। मंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शिक्षकों से संगठन के साथ एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि मांगों के समर्थन में सरकार के समक्ष मजबूती से आवाज उठाई जाएगी। पूर्व जिलाध्यक्ष सर्वेश कुमार शर्मा, राकेश कौशिक, सुरजीत यादव, इकमान अली और वीर सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी धरने को संबोधित किया।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज शर्मा ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लंबित पदोन्नति, वर्ष 2020 में नियुक्त शिक्षकों को ब्रिज कोर्स परीक्षा से छूट, लंबित अंतरजनपदीय स्थानांतरण, प्रोन्नत वेतनमान, मृतक आश्रितों की नियुक्ति तथा विद्यालयों में चौकीदार और अनुचर की नियुक्ति जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन मांगों के निस्तारण तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा। धरने का संचालन ब्लॉक मंत्री हिमांशु वशिष्ठ ने किया। अंत में जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज शर्मा ने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर धर्मेंद्र प्रताप सिंह, संजय सिंह, डॉ. कपिल सिरोही, वीर सिंह, उपेंद्र सिंह, त्रिवेंद्र कुमार, प्रदीप यादव, सुमित कुमार, सुख स्वरूप गुप्ता, सुधीर कुमार, आलोक मलिक, हिमांशु वशिष्ठ, चंचल सरोज, अनिल गिल, दुष्यंत यादव, मोहम्मद रिजवान, विघ्ननेश कौशिक, भूपेंद्र सिंह, राजीव ठाकुर, मेघराज सिंह, प्रियंका चौधरी, मधुबाला और मनीष गौतम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।