मतदाता सूची का मिलान पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ करें अधिकारी: डीएम

Share

सोनभद्र। मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने मतदाता सूची के मिलान की प्रक्रिया पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप मतदाता सूची शुद्ध और अद्यतन होनी चाहिए। इसमें किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए और सूची में किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा में मिलान की कार्रवाई पूरी करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के मिलान के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए तथा प्रत्येक स्तर पर कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में शुद्धता और पारदर्शिता सर्वोपरि है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल, उप जिलाधिकारी सदर आशीष त्रिपाठी, घोरावल के विशाल सिंह, ओबरा के रवि पासवान, दुद्धी के अशोक कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *