लोक आस्था के महापर्व डाला छठ के दूसरे दिन हुई खरना की पूजा

Share
भदोही। सूर्योपासना का चार दिवसीय डाला छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना की पूजा हुई। व्रतधारी महिलाओं ने उपवास कर शाम के समय रोटी और गुड़ से बनी खीर का प्रसाद तैयार किया। उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान भास्कर की आराधना की। साथ ही व्रती महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण किया और अन्य लोगों में भी प्रसाद का वितरण किया। इस दौरान खरना पूजा के साथ ही व्रतधारी महिलाओं के 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया। वहीं डाला में पूजा सामग्री रखने और उसे सजाने की तैयारी पूरे दिन होती रही। शाम ढलते ही घरों में श्रद्धालुओं ने कुल देवता की पूजा अर्चना की। खरना की थाली में सिंदूर और घी मिलाकर सूर्य चक्र बनाया गया व मिट्टी के दीयों में प्रसाद रखा गया। व्रती महिलाओं द्वारा कलश को भी सजाया गया। गुड़ और दूध से बनी खीर, पूड़ी का भोग लगाया गया। इसके बाद व्रतधारियों के 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत हुई। इस दौरान रविवार को व्रतधारी महिलाएं जलाशय व पूजा के लिए जगह-जगह पर बनाए गए कुंड में खड़ी होकर अस्तगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। वहीं सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। लोक आस्था का पर्व डाला छठ पूजा के सामानों की खरीदारी के लिए बाजारों में शनिवार को भी काफी भीड़-भाड़ रही। नगर में जगह-जगह फलों की दुकानें सजी रही और सड़क के किनारे गन्ने की दुकानें लगी देखी गईं। जहां पर पहुंचकर लोगों ने डाला छठ पूजा के लिए फलों के साथ-साथ गन्ने की भी खूब जमकर खरीदारी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *