बहराइच ( मिहींपुरवा )। सेमराहना क्षेत्र में स्थित भरतपुर के विस्थापित परिवारों के लिए बनाई जा रही भरतपुर कॉलोनी को जल्द से जल्द पूर्ण कराने और वहां सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने जनपद के अधिकारियों के साथ कॉलोनी का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि आवास निर्माण सहित सभी अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए। कार्य में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि विस्थापित परिवारों को जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराया जा सके।जिलाधिकारी ने कॉलोनी परिसर में निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक सुविधाएं शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, जिससे कॉलोनी में रहने वाले परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।इस दौरान एडीएम, मुख्य विकास अधिकारी सुनील धनवंता, एसडीएम मोनालिसा जौहरी, बीडीओ, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा विद्युत व्यवस्था से जुड़े एसडीओ और जेई सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।