उन्नाव। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी प्रदीप वर्मा के प्रथम उन्नाव आगमन पर पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विधानसभा प्रभारियों, विस्तारकों और बीएलए-1 के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठक की। इसमें आगामी चुनाव की तैयारियों, मतदाता सूची पुनरीक्षण और संगठन की सक्रियता को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में प्रदीप वर्मा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए माइक्रो मैनेजमेंट बेहद महत्वपूर्ण होगा। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर काम करना होगा। उन्होंने मंडल प्रभारियों को विधानसभा स्तर पर प्रवास करने और विधानसभा प्रभारियों को शक्ति केंद्रों पर समय देने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में सोशल मीडिया और आईटी सेल की भूमिका प्रभावी बनाने पर जोर दिया।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/
सपा पर साधा निशाना
समीक्षा बैठक के दौरान प्रदीप वर्मा ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सपा सरकार के कार्यकाल और भाजपा सरकार के कामकाज की तुलना रखनी चाहिए। उन्होंने सपा के कार्यकाल को ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ की सौगात दी है। उन्होंने अखिलेश यादव पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में साधारण बूथ अध्यक्ष भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक पहुंच सकता है
।मतदाता जोड़ो अभियान और SIR पर जोर
जिला प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह तथा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने ‘मतदाता जोड़ो अभियान 2026’ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर अभियान चलाकर पात्र और छूटे हुए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने तथा अपात्र और फर्जी नामों को हटवाने के लिए बीएलए-1 की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सदर विधायक पंकज गुप्ता, मोहान विधायक बृजेश कुमार रावत, बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार, सफीपुर विधायक बम्बा लाल दिवाकर, भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला, पुरवा विधायक अनिल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आनंद अवस्थी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।इससे पहले जिला कार्यालय में उन्नाव सदर विधानसभा की संगठनात्मक बैठक भी हुई। इसमें लखनऊ में तय कार्ययोजना के अनुरूप मतदाता जोड़ो अभियान को प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में जिला प्रभारी संतोष सिंह, जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, विधायक पंकज गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभान शंकर दीक्षित, विधानसभा प्रभारी संजय सिंह और अभियान के जिला संयोजक आशीष बाजपेई ‘अटल’ सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।