म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर कस्बा स्थित मून स्टार इंग्लिश स्कूल में शनिवार को बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय में प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में शिक्षकों की ओर से मिनी मेले का आयोजन किया गया। मेले में खाने-पीने की विभिन्न दुकानें सजाई गई थीं। बच्चों ने मेले का जमकर आनंद उठाया और अपनी पसंद के खाद्य पदार्थों की खरीदारी की। पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर उत्साह और चहल-पहल का माहौल बना रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्य रूपा मिश्रा ने बताया कि बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए पढ़ाई के साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें दौड़, बैडमिंटन, पेंटिंग एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। उन्होंने बच्चों को पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, विचारों और उनके बाल प्रेम के बारे में जानकारी दी। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए अच्छी शिक्षा, संस्कार और उचित मार्गदर्शन जरूरी है। बाल दिवस बच्चों के अधिकारों एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज को जागरूक करने का भी अवसर है। कार्यक्रम में म्योरपुर एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के सीईओ सुनील कुमार, उप प्रधानाचार्य प्रियंका सिंह, विनम्रता मिश्रा, मुरली मनोहर यादव, रोहित कुमार, सचिन, अविनाश, अभय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।