सोनभद्र। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रॉबर्ट्सगंज में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सभी ब्लॉकों से प्राथमिक एवं जूनियर वर्ग के कुल 20 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्राथमिक वर्ग में घोरावल ब्लॉक के शिवम तथा जूनियर वर्ग में करमा ब्लॉक के आकाश ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।प्रतियोगिता में प्रत्येक ब्लॉक से ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एक-एक छात्र ने दोनों वर्गों में प्रतिभाग किया। प्राथमिक संवर्ग में कांशीराम कंपोजिट विद्यालय मल्टीस्टोरी, घोरावल के शिवम ने प्रथम, प्राथमिक विद्यालय बिल्ली, चोपन के आयुष कुशवाहा ने द्वितीय तथा प्राथमिक विद्यालय हरदीमोड़, म्योरपुर के जय सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर संवर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय बैडांड़, करमा के आकाश ने प्रथम स्थान हासिल किया। कांशीराम कंपोजिट विद्यालय मल्टीस्टोरी, घोरावल के संदीप कुमार गुप्ता द्वितीय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय गड़िया, म्योरपुर की मुस्कान तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता का संचालन सूर्यप्रकाश ने किया, जबकि मैच रेफरी की भूमिका अनुराग तिवारी ने निभाई। इस अवसर पर एआरपी राजकुमार मौर्य, दिनेश मिश्रा, दीपक, कृष्ण कुमार, मीना, माधवी, ऋचा पटेल, गरिमा सिंह, मनीष कुमार, शशांक, संतोष, प्रितेश कुमार एवं गीता देवी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।