सैनिक कल्याण कार्यालय का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

Share

सोनभद्र। पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में शनिवार को जनपद को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के दौरान सोनभद्र के नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भवन एवं विश्राम गृह का वर्चुअल लोकार्पण किया। करीब 4 करोड़ 89 लाख 39 हजार रुपये की लागत से इस भवन का निर्माण कराया गया है।कलेक्ट्रेट सभागार में लोकार्पण समारोह का सजीव प्रसारण किया गया। यहां प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता रामकृष्ण द्विवेदी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इनमें पूर्व सैनिक रामवर्धन, सूबेदार मानिकचंद, प्रेमनाथ कुशवाहा तथा स्वर्गीय केदारनाथ की पत्नी राजकुमारी देवी सहित अन्य लोग शामिल रहे। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और लोकार्पण कार्यक्रम के साक्षी बने। उल्लेखनीय है कि सैनिक कल्याण विभाग की ओर से प्रदेश के आठ जनपदों औरैया, अमेठी, गोरखपुर, चंदौली, शामली, संतकबीर नगर, अंबेडकर नगर एवं सोनभद्र में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भवन और विश्राम गृह का निर्माण कराया गया है। इन परियोजनाओं पर कुल 27 करोड़ 45 लाख 23 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। नवनिर्मित भवन से जनपद के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को सैनिक कल्याण विभाग से जुड़ी सेवाओं, सुविधाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही विभागीय कार्यों के लिए उन्हें बेहतर कार्यालय एवं विश्राम की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *