अफजलगढ़/बिजनौर । बढ़ापुर विधानसभा क्षेत्र के अफजलगढ़ में बहुजन समाज पार्टी की ओर से आयोजित जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने चुनावी हुंकार भरी। इस दौरान उन्होंने बढ़ापुर विधानसभा सीट से तान्या नागपाल को बसपा का प्रत्याशी घोषित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बहन मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा नेतृत्व आज भी पीडीए के मतलब को लेकर स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि कभी पीडीए में पी को लेकर असमंजस था तो अब इसका पूरा अर्थ ही बदल दिया गया है। उन्होंने सपा नेताओं की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पोते को लेकर की गई टिप्पणी को शर्मनाक बताते हुए चौधरी चरण सिंह के परिवार और जाट समाज से माफी मांगने की बात कही। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के सहयोग से ही मुलायम सिंह यादव पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। ऐसे में उनका सम्मान नहीं करने वाले नेता दूसरे समाजों का सम्मान कैसे करेंगे। आकाश आनंद ने वर्ष 2013 में लोकसभा में एससी-एसटी के लिए पदोन्नति में आरक्षण से जुड़े विधेयक का जिक्र करते हुए सपा सांसदों पर उसका विरोध करने का आरोप लगाया।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/ उन्होंने अखिलेश यादव के नीला पटका पहनने पर तंज कसते हुए कहा कि बसपा की विचारधारा और इतिहास को समझना जरूरी है। उन्होंने वर्ष 2012 से 2017 तक सपा सरकार के कार्यकाल की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। मुजफ्फरनगर हिंसा का जिक्र करते हुए उन्होंने तत्कालीन सरकार को घेरा।भाजपा पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने विज्ञापन पर सात हजार करोड़ रुपये खर्च करने का आरोप लगाया। उन्होंने समाजवादी पार्टी को भाजपा की बी टीम बताते हुए कांग्रेस और सपा को एक ही सिक्के के दो पहलू करार दिया। बसपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने दावा किया कि मायावती सरकार में सरकारी कॉलेजों के छात्रावासों में ओबीसी वर्ग के बच्चों को 27 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई थी। साथ ही तीन लाख से अधिक भूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने भाजपा और सपा से अपने शासनकाल में भूमिहीन परिवारों को जमीन देने का हिसाब मांगा।जनसभा में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव मुनकाद अली, पूर्व सांसद नगीना गिरीशचंद्र, बसपा जिलाध्यक्ष पिंटू कुमार,मंडल कोऑर्डिनेटर अखिलेश कुमार हितैषी,नहटौर विधानसभा अध्यक्ष लखवीर सिंह ,जफर मलिक,विजय कुमार,रोहताश,राशिद आलम, सतपाल कश्यप, जितेन्द्र सागर, आमिर चौधरी, डॉ शकील,अमरोहा के बसपा नेता मोहम्मद नावेद अयाज, मदन सिंह राणा,शेख मोहम्मद जैद,प्रधान राजेश कुमार और बसपा नेता अमिताभ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।