छठ महापर्व को लेकर डीएम और एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

Share
गाजीपुर । छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शुक्रवार को तहसील सेवराई के नरवां घाट तथा रेवतीपुर ब्लॉक स्थित पोखरे सहित विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई, आने-जाने के रास्तों पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता के साथ प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि गोताखोर निर्धारित ड्रेस में मुस्तैद रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।उन्होंने महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक घाट पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने तथा नियमित साफ-सफाई के लिए पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर समय से तैयारियां पूरी करें। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सेवराई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, पुलिस बल और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *