12 दिसंबर को गाजीपुर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से होगा मामलों का निस्तारण

Share

गाजीपुर। आमजन को त्वरित और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 12 दिसंबर 2026 को जनपद गाजीपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसका आयोजन जनपद न्यायालय गाजीपुर के साथ बाह्य न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियां और जमानियां में भी होगा। इसके अलावा विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों में भी मामलों का निस्तारण किया जाएगा।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे एवं लघु आपराधिक वाद, पारिवारिक विवाद, धारा 138 एनआई एक्ट, स्टाम्प एवं पंजीयन वाद, मोटर दुर्घटना अधिनियम, चकबंदी, श्रम, उपभोक्ता फोरम, बाट-माप, कराधान तथा बिजली चोरी से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही सुलह-समझौते और मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवादों का भी समाधान कराया जाएगा।इसी क्रम में शुक्रवार को जनपद न्यायालय गाजीपुर के दस कक्षीय सभागार में सुबह 11:30 बजे पराविधिक स्वयंसेवकों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के साथ राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 3.0 तथा धारा 138 एनआई एक्ट और छोटे आपराधिक मामलों के लिए विशेष लोक अदालत के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में इन अभियानों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और यू-ट्यूब के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग लोक अदालत का लाभ उठा सकें और आपसी सुलह-समझौते के आधार पर अपने मामलों का त्वरित निस्तारण करा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *