जनसेवा केंद्रों की पहचान का दुरुपयोग कर लाखों की ठगी, गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

Share

सोनभद्र। जनसेवा केंद्रों की पहचान का दुरुपयोग कर लाखों रुपए की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक बरामद की है। गिरोह के सदस्य जनसेवा केंद्रों की निष्क्रिय पहचान को दोबारा चालू कराने के नाम पर संचालकों से उपयोगकर्ता पहचान संख्या और गुप्त संकेत शब्द हासिल करते थे। बाद उनका संकेत शब्द बदलकर संबंधित पहचान साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा देते थे। पुलिस के अनुसार, जनसेवा केंद्रों से संबंधित कार्यों में संविदा पर नियुक्त आरोपी आशीष कुमार पांडेय इस गिरोह में अहम भूमिका निभाता था। वह जिले के जनसेवा केंद्र संचालकों से उनकी निष्क्रिय पहचान को फिर से चालू कराने के नाम पर गोपनीय जानकारी प्राप्त करता था।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette इसके अलावा दूसरे व्यक्तियों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से नई पहचान तैयार कराई जाती थी। उसका सत्यापन कराने के बाद उसे साइबर अपराधियों को सौंप दिया जाता था। जांच में सुकृत निवासी विशाल पटेल, सुशील कुमार, ओबरा क्षेत्र के रमेश कुमार गुर्जर और सविता के नाम से जुड़े जनसेवा केंद्रों की पहचान का दुरुपयोग सामने आया है। पुलिस के अनुसार विशाल पटेल ने बैंक खाता खुलवाने के लिए जनसेवा केंद्र पर अपने दस्तावेज दिए थे। आरोपियों ने उन्हीं दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से नई पहचान तैयार कराई और उसका सत्यापन भी करा दिया। बाद में इस पहचान का साइबर अपराध में इस्तेमाल होने पर गुजरात पुलिस ने विशाल पटेल को गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें जमानत भी करानी पड़ी थी। पीड़ित की शिकायत और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आशीष कुमार पाण्डेय पुत्र सुखनंदन पाण्डेय निवासी उस्मानपुर थाना चुनार जनपद मीरजापुर तथा अभय कुमार गौंड पुत्र शंकर प्रसाद गौंड निवासी नवापुरा, थाना सारनाथ जनपद वाराणसी को गिरफ्तार किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *