गाजीपुर । यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का 108वां स्थापना दिवस गुरुवार को गाजीपुर क्षेत्र में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पश्चिम) विनय शंकर, क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पूर्व) मुकेश रमन तथा अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।समारोह में बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, उद्यमी और बड़ी संख्या में ग्राहक उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने और वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने में यूनियन बैंक का योगदान सराहनीय है।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/इस मौके पर क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पूर्व) मुकेश रमन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बैंक की 108 वर्षों की विकास यात्रा, डिजिटल बैंकिंग और ग्राहक केंद्रित सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने वर्ष 1919 में बैंक का उद्घाटन किया था। आज बैंक आधुनिक तकनीक और बेहतर ग्राहक सेवाओं के माध्यम से देश की आर्थिक प्रगति में योगदान दे रहा है।क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पश्चिम) विनय शंकर ने कहा कि तेजी से बदलते बैंकिंग क्षेत्र में यूनियन बैंक तकनीकी नवाचारों के साथ आगे बढ़ रहा है और युवा पीढ़ी के बीच अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने सितंबर तिमाही के वित्तीय परिणामों की जानकारी देते हुए विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में बैंककर्मियों और ग्राहकों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।समारोह के दौरान बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष पांडेय का शुभकामना संदेश भी साझा किया गया। अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार ने जिलाधिकारी सहित सभी अतिथियों, ग्राहकों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।