कांठ। बुधवार को कांठ नगर एवं क्षेत्र में भैया दूज का त्योहार हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर इस पर्व की खुशियां साझा कीं। त्योहार को लेकर सुबह से ही बाजारों में रौनक रही और मिठाई व गोले की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही।भैया दूज के चलते सुबह से ही कांठ बस स्टैंड और निजी वाहनों के अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। अपने भाइयों के घर जाने के लिए निकली बहनों को वाहनों में भीड़ के चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं मिठाई और गोले की दुकानों पर दिनभर खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार मिठाई और गोले खरीदकर त्योहार मनाया।दूसरी ओर त्योहार के चलते कांठ नगर के मुख्य हाईवे पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण सड़क पर वाहन रेंगते नजर आए। कई स्थानों पर लोगों को जाम के कारण काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। त्योहार पर हाईवे को जाम मुक्त रखने के लिए की गई व्यवस्थाएं भी प्रभावी साबित नहीं हुईं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी सतर्क रही। थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह दिन भर हाईवे पर गश्त करते रहे, जबकि कस्बा चौकी पुलिस ने बाजार और प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कर व्यवस्था संभाली। इसके बावजूद भी मुख्य हाईवे पर दिन भर जाम की समस्या बनी रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।