बीजपुर (सोनभद्र)। शांति नगर में कराए जा रहे विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। निर्माण कार्यों की प्राथमिकता और सरकारी धन के उपयोग पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद शुक्रवार को जेई काशी यादव ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे स्थानों पर निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, जिनकी जनहित में आवश्यकता संदिग्ध है। जबकि शांति नगर में कई पुलिया और बावलियां जर्जर हालत में हैं तथा संपर्क मार्गों की स्थिति भी बदहाल है। ग्रामीणों का कहना है कि बुनियादी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन उनके समाधान को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जेई को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने की मांग की। इस दौरान शांति नगर स्थित बावली की साफ-सफाई कराने और छठ पर्व को देखते हुए छठ घाट की व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए ग्राम प्रधान को निर्देशित किया गया। जेई काशी यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई है। जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। इस दौरान संतलाल गुप्ता, काशीनाथ गुप्ता, गोपाल गुप्ता, राममिलन गुप्ता, मोहन पाल, सुनील गुप्ता, आनंद गुप्ता, श्यामसुंदर और राहुल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मांग की कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों का चयन वास्तविक जरूरतों के आधार पर किया जाए और सरकारी धन के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।