गाजीपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र विश्वेश्वरगंज से मिश्र बाजार कोतवाली तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बाजार में मौजूद आम नागरिकों, राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने मिश्र बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थित सर्राफा दुकानों का विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों से सुरक्षा संबंधी इंतजामों की जानकारी लेते हुए सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच की।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ साथ ही दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए।बाजार में त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने दुकानदारों को दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए।पैदल गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की सतर्कता एवं निगरानी लगातार जारी रहेगी।