भदोही। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा जनपद के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के सम्भाजन संबंधी प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया गया है। एडीएम वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी शुभांगी शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 392-भदोही, 393-ज्ञानपुर एवं 394-औराई (अ.जा.) के मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया के उपरांत अंतिम रूप से तैयार सूची को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। डिप्टी डीईओ ने बताया कि अंतिम रूप से तैयार मतदेय स्थलों की सूची जनपद की आधिकारिक वेबसाइट के डीईओ भदोही वेबपेज पर उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन कार्यालय, भदोही तथा जनपद की समस्त तहसीलों में स्थापित मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर भी सूची निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। उन्होंने जनपद के समस्त संबंधित नागरिकों, मतदाताओं एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अंतिम मतदेय स्थल सूची का अवलोकन कर सकते हैं। निर्वाचन संबंधी पारदर्शिता एवं मतदाता सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह जानकारी जनसामान्य के लिए उपलब्ध कराई जा रही है।