गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं पंडित मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज सिखड़ी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र जखनिया में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 1500 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें 562 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों की ओर से नौकरी के लिए ऑफर लेटर प्रदान किया गया।रोजगार मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि जखनिया विधायक बेदी राम ने फीता काटकर किया। इसके बाद विधायक बेदी राम, कॉलेज प्रबंधक पारस नाथ राय एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान सरस्वती वंदना एवं हारमोनियम की प्रस्तुति भी हुई।कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने सेवायोजन विभाग की ओर से संचालित रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/ कॉलेज प्रबंधक पारस नाथ राय ने सरकार की विभिन्न रोजगार योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी लगातार रोजगार मेलों का आयोजन किया जाना चाहिए।मुख्य अतिथि विधायक बेदी राम ने युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को रोजगार और युवाओं के सशक्तीकरण से जोड़कर अपनी बात रखी। उन्होंने युवाओं से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर तलाशने के साथ ही जनपद के बाहर भी बेहतर अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रोजगार के इच्छुक युवा सेवायोजन पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें जिले में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों की जानकारी समय-समय पर मिलती रहे।विधायक ने आउटसोर्सिंग पोर्टल, विदेशों में भर्ती के अवसरों तथा करियर काउंसिलिंग सहित सेवायोजन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को मंच से ऑफर लेटर वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन गौरी शंकर पांडेय ने किया।