जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, 16 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन स्व-गणना

Share

गाजीपुर। जनगणना-2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। नागरिकों की सुविधा के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना की व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत लोग घर बैठे अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का क्षेत्रीय कार्य पूरा करेंगे।अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी वेद सिंह चौहान ने बताया कि जनगणना के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर परिवारों से संबंधित जानकारी एकत्र की जाएगी। इस दौरान स्व-गणना से छूटे परिवारों तथा दर्ज की गई जानकारी में आवश्यक सुधार के लिए पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के लिए जनगणना की संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है।read more :https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/

नाम, शिक्षा, रोजगार और प्रवासन से जुड़ी जानकारी होगी महत्वपूर्ण

जनगणना के दौरान नागरिकों से नाम, जन्मतिथि, शिक्षा, रोजगार, दिव्यांगता, प्रवासन, माता-पिता के विवरण तथा प्रजनन से संबंधित जानकारियां मांगी जाएंगी। पहचान से जुड़े विवरण में आधार संख्या और मतदाता पहचान पत्र संख्या जैसी जानकारियां भी शामिल बताई गई हैं। नागरिकों से अपेक्षा की जाएगी कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना के आंकड़े विश्वसनीय बन सकें।

विकास और कल्याणकारी योजनाओं के लिए अहम होंगे आंकड़े

जनगणना से प्राप्त आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके आधार पर शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन कल्याण और आवास से जुड़ी योजनाओं की जरूरतों का आकलन करने में मदद मिलती है। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों की जनसंख्या संबंधी स्थिति को समझकर भविष्य की विकास योजनाओं के लिए बेहतर रणनीति तैयार की जा सकती है।जिला प्रशासन की ओर से इस राष्ट्रीय कार्य में नागरिकों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया है। जनगणना की प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समयावधि में स्व-गणना करें और प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *