सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण रॉबर्ट्सगंज विकासखंड के बी-पैक्स गयारतवल में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को सुलभ और रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। पात्र किसानों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर मिलेगा। समय से किस्त जमा करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा। योजना के लिए 384 करोड़ रुपये के ब्याज अनुदान को स्वीकृति दी गई है तथा आगामी पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/ कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ हुआ। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित इस सहकारी डिजिटल वाहन सेवा से चालक सदस्य और हितधारक के रूप में जुड़ेंगे। ‘सारथी ही मालिक’ की भावना पर आधारित इस सेवा का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालकों के आर्थिक सशक्तीकरण तथा रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के अधिकारी, सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता संजय कुमार वर्मा समेत संबंधित अधिकारियों ने सहभागिता की। बी-पैक्स अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सचिवों से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र किसानों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने का आह्वान किया गया।