सोनभद्र। पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में वर्ल्ड क्लाइमेट-चेंज फाउंडेशन ने महत्वपूर्ण पहल की है। संस्था ने श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी, हरिद्वार की महामंडलेश्वर सरितानंद गिरि को अपना राष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। संस्था की ओर से जारी नियुक्ति प्रमाण पत्र के अनुसार उनकी नियुक्ति 22 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी। राष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर के रूप में महामंडलेश्वर सरितानंद गिरि पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संस्था के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाएंगी। फाउंडेशन का मुख्य संदेश ‘पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ’ है। संस्था से जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महामंडलेश्वर सरितानंद गिरि ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ ही उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा के लिए आज उठाया गया छोटा कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए बड़ी सौगात साबित हो सकता है। महामंडलेश्वर सरितानंद गिरि पिछले कई वर्षों से पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अभियान चला रही हैं। बताया गया कि तालबेहट स्थित हजारिया महादेव मंदिर में उन्होंने पौधरोपण से जुड़ी कथा कराकर सोनभद्र की धरती पर पांच लाख पौधे लगाने का संकल्प भी लिया है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को जन आंदोलन का रूप देने तथा लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने की अपील की। फाउंडेशन ने उम्मीद जताई कि महामंडलेश्वर सरितानंद गिरि के जुड़ने से पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचेगा और अभियान को नई गति मिलेगी।