किरतपुर । नगर में सोमवार को किरतपुर नजीबाबाद हाईवे पर रामा फीलिंग के समीप स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने दिनदहाड़े गोली चलने की आवाज से सनसनी फैल गई। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया और पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार बताए जा रहे हैं, जबकि दो युवक पैदल थे। इसी दौरान एक कार पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मोटरसाइकिल और कार को लेकर भी मौके पर चर्चा रही। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना में शामिल बताए जा रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। गोली चलने की घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों के संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।