बाराबंकी। स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। स्वस्थ व्यक्ति ही परिवार और समाज के विकास में प्रभावी योगदान दे सकता है। स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आरोग्य मित्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। यह बात रविवार को टीआरसी कॉलेज सतरिख में आरोग्य भारती अवध प्रांत की ओर से आयोजित आरोग्य मित्र प्रशिक्षण कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कही। राज्य मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बीमारियों से बचाव के लिए उपचार के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी है। नियमित दिनचर्या, संतुलित खानपान, योग और स्वास्थ्य के प्रति सजगता से कई बीमारियों से बचाव संभव है।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ उन्होंने कहा कि आरोग्य मित्रों की भूमिका केवल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने तक सीमित नहीं है। वे योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। विशेषकर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने में वे महत्वपूर्ण कड़ी बन सकते हैं। कार्यशाला में बाबू कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट के निदेशक एमएलबी भट्ट, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संयोजक एवं वरिष्ठ प्रचारक डॉ. संग्राम सिंह, बाराबंकी संघचालक आरएस गुप्त, प्रबंधक डॉ. रंजन मिश्र, डॉ. इंद्रेश सिंह और कार्यक्रम संयोजिका डॉ. सुचिता चतुर्वेदी मौजूद रहीं। प्रशिक्षण के दौरान आरोग्य मित्रों को स्वस्थ जीवनशैली, रोगों से बचाव और स्वास्थ्य जागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।