बहराइच ( मिहींपुरवा )। मटिहा मोड़ स्थित पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक सावित्रीबाई फुले के आवास पर रविवार को संविधान, आरक्षण व आजादी बचाओ दलित जन जागरण सम्मेलन आयोजित हुआ। पूर्व सांसद सावित्रीबाई फुले ने कहा कि संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए पिछड़ा, दलित व वंचित समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि संविधान ने वंचित समाज को विभिन्न जनप्रतिनिधि पदों पर प्रतिनिधित्व का अवसर दिया है।पूर्व सपा प्रत्याशी अक्षयबार नाथ कनौजिया, पूर्व प्रमुख जयांकर सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विश्राम यादव समेत अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे। हरीश चंद्र ने बिरहा और रागिनी सोनकर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सम्मेलन में विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।