बाराबंकी। महात्मा गांधी के विचारों और उनके जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट की ओर से एक अक्टूबर से गांधी जयंती सप्ताह मनाया जाएगा। सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों में प्रभात फेरी, रामधुन, गांधी स्मृति व्याख्यान, चरखा कार्यक्रम, समरसता सहभोज, सामाजिक सहभागिता सम्मान समारोह, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा, छात्र-छात्राओं की विभिन्न प्रतियोगिताएं और हॉकी टूर्नामेंट प्रमुख आकर्षण होंगे। शुक्रवार को गांधी भवन में हुई बैठक में कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट के अध्यक्ष राजनाथ शर्मा ने बताया कि वर्ष 1978 से लगातार गांधी जयंती समारोह आयोजित किया जा रहा है। अब इसे गांधी जयंती सप्ताह के रूप में विस्तार दिया गया है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल गांधी जयंती मनाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को गांधी के विचारों, स्वावलंबन और सामाजिक समरसता से जोड़ना है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे गांधी जयंती सप्ताह कार्यक्रम के अध्यक्ष मो. उमैर किदवाई ने कहा कि गांधी जयंती सप्ताह का शुभारंभ एक अक्टूबर को अपराह्न 12 बजे से होगा। दो अक्टूबर को सुबह आठ बजे प्रभात फेरी और रामधुन का आयोजन होगा, वहीं सुबह 10 बजे ध्वजारोहण के बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और गांधी स्मृति व्याख्यान होगा।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/ पूर्व आईजी राजेश कुमार पाण्डेय चरखा कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। वहीं गांधी जयंती के अवसर पर शाम छह बजे गांधी भवन में अस्पृश्यता मिटाओ अभियान के तहत समरसता सहभोज और सामाजिक सहभागिता सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसके बाद 49वें अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम अध्यक्ष श्री किदवाई ने बताया कि तीन से छह अक्टूबर तक विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अलग-अलग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। इसके साथ ही दो दिवसीय हॉकी टूर्नामेंट भी आयोजित होगा। इसमें जिले की चार प्रमुख टीमें प्रतिभाग करेंगी। सात अक्टूबर को गांधी जयंती सप्ताह का समापन होगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में लोकतंत्र सेनानी कल्याण समिति के अध्यक्ष रामसेवक यादव, कार्यक्रम सचिव विनय कुमार सिंह गुड्डू, कोषाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा, मो. अहमद शहंशाह, नीरज दूबे, धनंजय शर्मा, साकेत मौर्य, शिवशंकर शुक्ल, ज्ञान सिंह यादव, सभासद अश्वनी शर्मा, रणंजय शर्मा, सरदार राजा सिंह, अताउर्रहमान सज्जन, अशोक शुक्ल, पाटेश्वरी प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।