नारी केवल परिवार की शक्ति ही नहीं समाज और राष्ट्र के निर्माण की है मजबूत आधारशिला: रविंद्रनाथ त्रिपाठी 

Share
भदोही। विधानसभा भदोही के अंतर्गत सुरियावां क्षेत्र पंचायत कार्यालय में आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी शामिल हुए। read more:https://pahaltoday.com/lodheshwar-mahadev-corridor-to-boost-pilgrimage-dr-dilip-agnihotri/
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र की दर्जनों मेहनती, समर्पित एवं सेवाभावी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को पूर्व विधायक ने अपने हाथों से प्रशस्ति-पत्र, अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर कार्यकत्रियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
इस दौरान अपने संबोधन में पूर्व विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी ने कहा कि नारी केवल परिवार की शक्ति ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं मातृ-शक्ति के रूप में धरातल पर सबसे महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की देखभाल से लेकर नवजात बच्चों के पोषण, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, प्रारंभिक शिक्षा और संस्कार तक की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी बहनें निभाती हैं। कुपोषण को दूर करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में इनका योगदान अतुलनीय है। पूर्व विधायक ने कहा कि आज समाज में नारी सशक्तिकरण की बात होती है, तो उसका सबसे सशक्त उदाहरण आंगनबाड़ी कार्यकत्री ही हैं, जो सीमित संसाधनों में भी पूरी निष्ठा से समाज सेवा कर रही हैं। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकत्रियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और क्षेत्र में आ रही समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर पूर्व विधायक ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अंत में उन्होंने सभी मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि आप सभी के समर्पण, सेवा और अथक परिश्रम को मेरा नमन है। आपका सम्मान ही समाज के उज्ज्वल भविष्य का सम्मान है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *