म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर विकासखंड के जामपानी में इस वर्ष भी रामलीला एवं दुर्गापूजा का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार की देर शाम अनदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में रामलीला समिति की बैठक अध्यक्ष शिवदास रौनियार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से 8 अक्टूबर से रामलीला शुरू कराने तथा 11 अक्तूबर को दुर्गापूजा का शुभारंभ करने का निर्णय लिया गया। दोनों आयोजन जामपानी के मंगल बाजार में होंगे। समिति सदस्यों ने कार्यक्रम को भव्य, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में समिति प्रबंधक भगीरथी, जयंत प्रसाद व्यास, नवनीत, कपिलदेव, सुरेश प्रसाद, हरिनारायण समेत बड़ी संख्या में सदस्य व ग्रामीण मौजूद रहे।