सोनभद्र। जनसुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे दो दिव्यांगजनों के लिए सोमवार का दिन उस समय यादगार बन गया, जब जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने उनकी आवागमन संबंधी समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए तत्काल समाधान कराया। दोनों दिव्यांगजनों को एनटीपीसी के सीएसआर फंड से मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्राई साइकिल मिलते ही उनके चेहरे पर खुशी की मुस्कान आ गई और आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया।अनपरा निवासी दिव्यांग असगर हुसैन पुत्र तबाम मालू हुसैन ने जनसुनवाई में बताया कि वह दोनों पैरों से दिव्यांग हैं और आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उनका कहना था कि यह सुविधा मिलने से दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी और वह अधिक आसानी से आवागमन कर सकेंगे।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/इसी तरह घोरावल तहसील क्षेत्र के ग्राम भैंसवार निवासी अजय प्रताप सिंह पुत्र लाल बहादुर सिंह ने बताया कि उन्होंने कृष्णा पीजी कॉलेज, राजगढ़, मिर्जापुर में प्रवेश लिया है। कॉलेज उनके घर से करीब 15 किलोमीटर दूर है। आवागमन का साधन नहीं होने के कारण उन्हें नियमित रूप से कॉलेज आने-जाने में परेशानी हो रही थी। उन्होंने पढ़ाई जारी रखने के लिए मोटराइज्ड ट्राई साइकिल की मांग की थी। दोनों दिव्यांगजनों की समस्या को जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई कराई। इसके बाद उन्हें मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्राई साइकिल मिलने के बाद अजय प्रताप सिंह के लिए कॉलेज तक पहुंचने की राह भी आसान हो गई है। अब वह नियमित रूप से कॉलेज जाकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। दिव्यांगजनों ने कहा कि मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिलने से उनके दैनिक जीवन में बड़ा बदलाव आएगा। आवागमन आसान होने के साथ वे अपने कार्य अधिक स्वतंत्रता से कर सकेंगे। इस सहयोग के लिए उन्होंने जिलाधिकारी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। जनसुनवाई के दौरान घटित यह भावुक क्षण वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया। पहल ने दिव्यांगजनों को सुविधा देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भरता, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने का संबल दिया।