*फिरोजाबाद*। ककरऊ कोटी स्थित कान्हा गौशाला में निरीक्षण के दौरान गोवंश के छोटे बच्चे बारिश में भीगते मिले। यह देखकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद केयरटेकर और सेनेटरी इंस्पेक्टर को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी और सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे के साथ गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोवंश के रखरखाव, खानपान और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बारिश के बीच छोटे गोवंशों के भीगने पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में गोवंश के बच्चे खुले में भीगते हुए नहीं मिलने चाहिए।
read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/
लापरवाही दोबारा मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।निरीक्षण में गौशाला में 322 गोवंश संरक्षित पाए गए। डीएम ने भूसा, हरा चारा और पेयजल की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि चारे और पानी की आपूर्ति में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।उन्होंने बीमार और घायल गोवंशों का तत्काल बेहतर उपचार कराने के निर्देश चिकित्सकों और कर्मचारियों को दिए। साथ ही गौशाला में साफ-सफाई और पशुओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।डीएम ने कहा कि निराश्रित गोवंशों की सुरक्षा, संरक्षण और खानपान शासन की प्राथमिकता है। इनके साथ संवेदनात्मक व्यवहार किया जाए, ताकि गौवंश खुद को सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने चेतावनी दी कि गौशाला की व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की अव्यवस्था या लापरवाही मिलने पर संबंधित की सीधे तौर पर जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।