सोनभद्र। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने सदर विधायक भूपेश चैबे से मुलाकात कर ग्राम रोजगार सेवकों की लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने चार अक्टूबर 2021 को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को लागू कराने सहित कई मांगें विधायक के समक्ष रखीं।संघ ने ग्राम रोजगार सेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से आच्छादित करने, न्यूनतम 24 हजार रुपए मासिक मानदेय निर्धारित कर उसका भुगतान पृथक बजट से कराने की मांग की। इसके साथ ही मृतक आश्रितों के लिए जारी शासनादेश का अनुपालन सुनिश्चित करने, 20 वर्षों की सेवा को देखते हुए प्रशासनिक मद की व्यवस्था करने तथा राज्य सरकार के पृथक बजट से प्रतिमाह मानदेय भुगतान की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से संविदा पर कार्य कर रहे ग्राम रोजगार सेवकों को सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन का अधिकार मिलना चाहिए।
read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर होने वाले कथित उत्पीड़न से राहत दिलाने तथा स्थायी सेवा एवं सुरक्षा की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की। इस मौके पर विधायक भूपेश चैबे ने ग्राम रोजगार सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी बहुप्रतीक्षित मांगों को पूरा कराने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में संविदा पर कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों को आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की तरह सेवा, सुरक्षा और सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से ग्राम रोजगार सेवकों के हित में जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। संघ के प्रदेश सचिव प्रभात सिंह चंदेल ने विधायक से रोजगार सेवकों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विधायक के प्रयास से सोनभद्र ही नहीं, बल्कि प्रदेशभर के हजारों ग्राम रोजगार सेवकों को राहत मिल सकती है। इस दौरान प्रधान संघ अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश प्रसाद, जिला मीडिया प्रभारी दिवाकर तिवारी, श्याम मोहन पांडेय, नार सिंह पटेल, इंद्र भूषण मिश्र, शैलेश कुमार, सुरेश कुमार, प्रेम चंद्र गौतम सहित दर्जनों ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।