झालू। बरुकी नहर पर चोरों ने एक बार फिर अपना हुनर दिखाते हुए एक सरकारी पेड़ को निशाना बनाते हुए काट दिया। झालू से बरूकी नहर के रास्ते के किनारे करौंदी वाले पुल से पहले पेड़ को चोरों द्वारा काटा गया। गौरतलब है कि लगभग एक माह पूर्व भी इसी क्षेत्र के आसपास नहर पर चोरों ने अपना हुनर दिखाते हुए एक और पेड़ काटा था, जिसमें विद्युत विभाग का भी काफी नुकसान हुआ था। क्षेत्र में बार-बार चोरों के द्वारा सरकारी पेड़ों को निशाना बनाए जाने से वन विभाग की कार्य शैली पर भी क्षेत्रीय लोग सवाल कर रहे है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झालू से बरुकी नहर पर एक के बाद एक करके चोर नहर पर खड़े राजकीय पेड़ों को एक-एक कर काटते चले जा रहे हैं। एक ऐसा ही ताजा मामला झालू से बरुकी नहर पर फिर एक बार देखने को मिला है जहां चोरों ने एक बार फिर से सरकारी यूकेलिप्टस के पेड़ को अपना निशाना बनाते सोमवार को काट दिया। मामले की जानकारी किसी समाजसेवी ने वन विभाग के उच्च अधिकारियों को दी, अधिकारियों के आने की बात पता चलते ही चोर कटे पेड़ को मौके पर छोड़कर ही फरार हो गए। सूचना के बाद वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पेड़ को अपने कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही में जुट गए। नहर पर चोरों द्वारा पेड़ काटने की सूचना जब भाकियू झालू नगर अध्यक्ष डॉ कार्मेंद्र सिंह को मिली तो वह तुरंत ही मौके पर पहुंचे और मौके पर उपस्थित वन विभाग के कर्मचारियों से बार-बार नहर पर पेड़ काटने वाले चोरों को पकड़ने तथा उन पर कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही वन विभाग के द्वारा इस घटना का खुलासा नहीं किया गया तो भाकियू धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी। बताते चलें कि लगभग एक माह पूर्व भी इसी क्षेत्र के आसपास नहर पर चोरों ने सरकारी पेड़ को काट लिया था जिसमें विद्युत विभाग का भी काफी नुकसान हुआ था तथा वन विभाग ने वन अपराध के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही में जुट गया था ,उसके बाद एक बार फिर चोरों ने वन विभाग को खुली चुनौती देते हुए नहर पर यूकेलिप्टस के पेड़ को काट लिया है । इस संबंध में जब वन क्षेत्र अधिकारी महेश गौतम से बात की गई तो उन्होंने बताया कि काटे गए सरकारी पेड़ को कब्जे में ले लिया गया है ।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/
पेड़ काटने वाले चोरों की पहचान कर की जाए कार्यवाही : कार्मेंद्र सिंह
भाकियू झालू के नगर अध्यक्ष डॉ कार्मेंद्र सिंह ने कहा कि नहर पर बार-बार चोरों द्वारा पेड़ों को काटा जा रहा है जिससे पर्यावरण को क्षति पहुंच रही है तथा विभाग को राजस्व की हानि हो रही है, ऐसे में उन्होंने चोरों की पहचान कर उन पर कड़ी कार्यवाही करने की वन विभाग से मांग की है उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही नहर पर कटे पेड़ों का वन विभाग खुलासा नहीं कर पता है तो भाकियू धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने क्षेत्र पर तैनात वन विभाग के कर्मचारियों की कार्य शैली पर भी सवाल उठाए हैं। सामाजिक वानिकी की प्रभागीय निदेशक जय सिंह कुशवाहा ने बताया कि नहर पर कटे पेड़ को कब्जे में ले लिया है अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
बीट प्रभारी की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में हो रही चर्चाएं
स्थानीय लोगों मे चर्चा है कि जब से बीट प्रभारी योगेंद्र सिंह ने इस क्षेत्र की कमान संभाली है तभी से आए दिन चोर एक-एक करके पेड़ों को काटते चले अपना जा रहे हैं ऐसे में बीट पर तैनात बीट प्रभारी की कार्यशैली को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं क्षेत्र में की जा रही हैं।
फोन जरूर उठाना चाहिए : जय सिंह कुशवाहा
बीते सोमवार की देर शाम नहर पर कटे पेड़ की जानकारी के संबंध मे जब हल्दौर क्षेत्र के सेक्शन प्रभारी नीतीश कुमार और झालू बीट प्रभारी योगेंद्र से बातचीत करने के लिए फोन किया गया तो वन विभाग के दोनों कर्मचारियों में से किसी ने भी फोन नहीं उठाया। फोन न उठाने के संबंध मे जब सामाजिक वानिकी प्रभागीय निदेशक बिजनौर मृदुल भाषायी जय सिंह कुशवाहा से वार्ता हुई तो उन्होंने बताया कि फोन न उठाने का मामला संज्ञान में आया है फोन जरूर उठाना चाहिए पता नही कौन व्यक्ति किन परिस्थितियों में फोन कर रहा है। इस मामले पर संज्ञान लेकर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।