सोनभद्र। लंबे इंतजार और मेहनत के बाद जिले के 46 युवाओं के सरकारी नौकरी के सपने मंगलवार को साकार हो गए। कृषि विभाग में नवचयनित प्राविधिक सहायक ग्रुप-‘सी’ अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र हाथ में आते ही युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।उप कृषि निदेशक कार्यालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यमंत्री समाज कल्याण विभाग संजीव कुमार गोंड ने की। उन्होंने जिले के 46 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा में प्रवेश का प्रमाण नहीं, बल्कि जनसेवा के बड़े दायित्व की शुरुआत है। नवचयनित कार्मिक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि किसानों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ कृषि विभाग की योजनाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी खेत तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को योग्यता और प्रतिभा के आधार पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। कृषि विभाग में नए प्राविधिक सहायकों की तैनाती से विभागीय कार्यों को गति मिलने के साथ किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नवचयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा और सुना। मुख्यमंत्री के संदेश के बाद नवचयनित कार्मिकों ने पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ काम करने का संकल्प लिया। नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं में खासा उत्साह रहा। लंबे परिश्रम के बाद सरकारी सेवा में चयन को उन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ कृषि और किसान कल्याण के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी समेत कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और नवचयनित प्राविधिक सहायक मौजूद रहे।