पुलिस-राजस्व और बिजली विभाग की समस्याओं को लेकर किया धरना

Share

बाराबंकी। पुलिस, राजस्व और विद्युत विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को गन्ना कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। लेकिन प्रशासन की सक्रियता के चलते पहले ही दिन ज्ञापन समाप्त कर दिया गया। सोमवार को सुबह 11 बजे शुरू हुए धरने के दौरान तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कई मामलों में कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष विजयपाल गौतम ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी कि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चित कालीन अनशन किया जाएगा। ज्ञापन में लखपेड़ाबाग निवासी शांति देवी के वर्ष 2023 में दर्ज मुकदमे का मामला उठाते हुए आरोप लगाया गया कि गंभीर धाराएं हटाकर आरोप पत्र दाखिल किया गया। मामले की उच्च अधिकारी से पुनः विवेचना कराकर पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की गई। शहर में जर्जर विद्युत लाइनों और खुले तारों को दुरुस्त कराने के साथ जहांगीराबाद थाने के सामने नई बस्ती से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन हटाने की मांग की गई।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/रामनगर तहसील के भैंसुरिया गांव में करीब पांच वर्षों से क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन ठीक कराने तथा त्रिवेदीगंज के छत्रपतिखेड़ा में तीन माह से जले 50 केवीए ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। नवाबगंज क्षेत्र के खपरैला मजरे निगरी की दक्षिण बस्ती में 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की गई। वहीं राजस्व संबंधी मामले में नवाबगंज तहसील के ठाकुरपुरवा निवासी सुशील कुमार गौतम के भूमि विवाद का मुद्दा उठाया गया। आरोप है कि पैमाइश के बाद लगाए गए खूंटे उखाड़ दिए गए। इस मामले में कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा ग्राम मदारन में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम दर्ज भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति देने की मांग भी की गई। ज्ञापन में कृषि विभाग की कथित मिलीभगत से यूरिया और डीएपी की कालाबाजारी, स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने के नाम पर कथित अवैध वसूली और विद्युत कनेक्शन के नाम पर ली गई रकम की जांच कराने की मांग की गई। चंदौली क्षेत्र के जेई कटियार की चल-अचल संपत्ति की जांच कराने की मांग भी उठाई गई। इस मौके पर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश सचिव अजय रावत, सिकन्दर अब्बास, राम हरख रावत, दिलशाद वारसी, मोहम्मद अरशद, फरहान, राजाराम गौतम, अभय सिंह, परमानन्द, गोपी कनौजिया आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *