ओबरा, सोनभद्र। सावन माह के अंतिम सोमवार को ओबरा स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर में अमरनाथ गुफा की तर्ज पर बर्फ की सिल्लियों से तैयार की गई बाबा बर्फानी की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। बाबा बर्फानी के दर्शन-पूजन के लिए ओबरा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर बाबा बर्फानी का दर्शन किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी एवं एसडीएम ओबरा रवि पासवान ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन कर किया। श्रीराम चरित मानस मंदिर समिति एवं बाबा बर्फानी सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित झांकी में दर्जनों बर्फ की सिल्लियों से आकर्षक शिवलिंग, भगवान गणेश, माता पार्वती सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकृतियां तैयार की गई थीं। कृत्रिम गुफा से लेकर दर्शन स्थल तक फूल-पत्तियों और प्राकृतिक सजावट से ऐसा माहौल तैयार किया गया था कि श्रद्धालुओं को अमरनाथ गुफा जैसा आध्यात्मिक एहसास हुआ। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर तक जारी रहा।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/बाबा बर्फानी सेवा समिति के अध्यक्ष सतीश पाण्डेय ने बताया कि पिछले 14 वर्षों से सावन के अंतिम सोमवार को बाबा बर्फानी की झांकी सजाई जा रही है। प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। इस बार भी आयोजन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। समिति की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं, भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए सीओ ओबरा प्रभात राय के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। इस अवसर पर समिति के संरक्षक ईश्वरी नारायण सिंह, फौजदार सिंह, राकेश मिश्रा, कृष्णानंद वर्मा, सुनीत खत्री, संजीत चैबे, अवधेश सिंह, श्रवण पासवान, नीलकांत तिवारी, रमेश सिंह यादव, उमेश सिंह पटेल, धुरंधर शर्मा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष दुर्गावती देवी एवं प्राणमती देवी, नंदलाल सेठ, आशीष तिवारी, सुशील सिंह, निलेश मिश्रा, रामदेव मौर्य, अरविंद सोनी, अभिषेक सेठ, समीर माली सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समिति के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समिति के उपाध्यक्ष समीर माली ने किया।