सोनभद्र। श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर विजयगढ़ दुर्ग से शिवद्वार धाम तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। घोरावल विधानसभा क्षेत्र से बसपा नेता सुनील पाण्डेय उर्फ जैकी बाबा के नेतृत्व में 51 कांवड़ियों एवं शिवभक्तों ने विजयगढ़ दुर्ग स्थित ऐतिहासिक रामसरोवर से पवित्र जल उठाया और भगवान शिव के जयकारों के बीच पैदल यात्रा शुरू की। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा एवं शिवभक्त शामिल हुए।कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। टेटी माइनर में देवेंद्र पाण्डेय की ओर से कांवड़ियों के लिए भोजन, प्रसाद एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई। रविवार को उनके जन्मदिवस के अवसर पर कांवड़ियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और मिष्ठान खिलाने के बाद शिवद्वार धाम के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान पठके गांव, केवली, ब्लॉक, बस स्टैंड, दुर्गा मंदिर, दिवा मोड़ सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों एवं स्नेहीजनों ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। जगह-जगह स्वागत से शिवभक्तों का उत्साह बढ़ता रहा। जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय बना रहा। पैदल यात्रा करते हुए कांवड़िए प्राचीन शिवद्वार धाम पहुंचे। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को सभी शिवभक्तों ने विजयगढ़ के रामसरोवर से लाए पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। यात्रा में अनुज गौरव पांडेय, आशीष मिश्रा, श्याम मिश्रा, प्रकाश सिंह, रिकू, आकाश गुप्ता, अनूप शुक्ला, संदीप मौर्या, परमेश्वर बैसवार, गौरव पाण्डेय, लक्ष्मण प्रजापति, जवाहर कोल, सोनू पाल, विष्णु विश्वकर्मा, सुरेश कोल, गौतम कुमार, प्रकाश कुमार सहित अन्य शिवभक्त शामिल रहे।
मांगों को लेकर सोनभद्र विकास मंच अध्यक्ष भूख हड़ताल पर बैठे
पुराने चिकित्सालय में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा, अस्पतालों में रिक्त पद भरने समेत कई मांगों को लेकर शुरू किया आंदोलन
सोनभद्र। जिले की स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल और परिवहन व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोनभद्र विकास मंच ने सोमवार को आंदोलन का बिगुल फूंक दिया। मंच के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव पुराने चिकित्सालय परिसर में भूख हड़ताल पर बैठ गए। दैनिक नमन के जिला संवाददाता अनिल कुमार तिवारी ने उन्हें माला पहनाकर भूख हड़ताल पर बैठाया।मंच की प्रमुख मांगों में पुराने चिकित्सालय को 24 घंटे संचालित करना, जिले के अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेज में रिक्त पदों को भरना, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, जर्जर एवं ढीले बिजली तारों को दुरुस्त कराना, पेयजल संकट का समाधान तथा सूरत, मुंबई और हावड़ा के लिए ट्रेन सेवा शुरू करना शामिल है। भूख हड़ताल पर बैठे मंच अध्यक्ष ज्ञानेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि पुराने चिकित्सालय में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा शुरू कराने को लेकर पूर्व में तीन बार सक्षम अधिकारियों की ओर से लिखित आश्वासन दिया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद आज तक सुविधा बहाल नहीं हो सकी। उन्होंने इसे शहरवासियों के साथ अन्याय बताते हुए तत्काल 24 घंटे चिकित्सा व्यवस्था शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिले में बिजली के पुराने एवं ढीले तार दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ऐसे तारों की तत्काल मरम्मत कराई जानी चाहिए। अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज में रिक्त पदों को भरने से आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाएं मिल सकेंगी। श्रीवास्तव ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद वह जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष से पीछे नहीं हटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उनकी 20 वर्षीय मान्यता प्राप्त पत्रकारिता का नवीनीकरण रोककर उन्हें प्रताड़ित किया गया, लेकिन उन्होंने जनहित के संघर्ष का रास्ता नहीं छोड़ा। मंच के उपाध्यक्ष राम भवन पटेल एवं संगठन मंत्री रमेश प्रसाद मौर्य ने किसानों के लिए समय से खाद और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने नहरों पर बने झालों, पुलिया एवं नालियों की मरम्मत कराने पर भी जोर दिया। महामंत्री शिव प्रसाद यादव ने राजकीय महिला महाविद्यालय में वाणिज्य एवं विज्ञान विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू कराने की मांग की। उनका कहना था कि इससे जिले की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की मजबूरी कम होगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षिक अवसर मिल सकेंगे। भूख हड़ताल के दौरान उप संगठन मंत्री परमेश्वर मौर्य, प्रवक्ता शिव पूजन दुबे, युवा अध्यक्ष प्रांजल श्रीवास्तव, युवा महामंत्री अनुपम दूबे, शाद अंसारी, जगदीश तोमर, बबलू कनौजिया, उमेश चैरसिया, पंकज, संतोष श्रीवास्तव, कनिष्क भार्गव सहित मंच के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।