कोन/सोनभद्र। अवैध रूप से संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनभद्र के आदेश के क्रम में पुलिस ने आरोपी नसीम अहमद के घर पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत नोटिस चस्पा किया। परिजनों को भी आरोपी को निर्धारित समय में न्यायालय अथवा सोनभद्र पुलिस के समक्ष उपस्थित कराने की जानकारी दी गई।मामला 30 मई 2026 का है। पुलिस के अनुसार कोन थाना क्षेत्र के सिंगा-बागेसोती निवासी सीमा पत्नी देवनारायण को प्रसव के लिए ग्लोबल हॉस्पिटल ले जाया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अस्पताल की जांच की थी। जांच में अस्पताल के अवैध रूप से संचालित होने की बात सामने आने पर उसे तत्काल सील कर दिया गया था।मामले में कोन थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 104ध्2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक मुकदमे में धारा 105, 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा धारा 34 राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। घटना के बाद से आरोपी नसीम अहमद फरार चल रहा है।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/
घर पर नोटिस चस्पा, 14 सितंबर तक हाजिर होने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी ओबरा के निर्देशन में न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराया गया। चैकी प्रभारी चकरिया शिव प्रकाश यादव ने आरोपी नसीम अहमद पुत्र सरफुद्दीन निवासी खरौंधी के घर पर नोटिस चस्पा कर परिजनों को इसकी जानकारी दी। नोटिस के माध्यम से आरोपी को 14 सितंबर 2026 तक न्यायालय अथवा सोनभद्र पुलिस के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी नसीम अहमद की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये तथा उसके एक अन्य सहयोगी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।