बहराइच। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल द्वारा संचालित पेंशनर्स जनसुनवाई से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। 21 अगस्त को बहराइच में आयोजित संध्या संवाद कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने जीपीएफ सहित अन्य सेवा संबंधी देयों के लंबे समय से लंबित भुगतान की शिकायत मंडलायुक्त के समक्ष रखी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी बहराइच अक्षय त्रिपाठी ने संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराते हुए लंबित भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके तहत सेवानिवृत्त कर्मचारी हरी प्रसाद वर्मा, भगौती प्रसाद, सुशील कुमार यादव, राज कुमार और जग प्रसाद सहित अन्य पात्र कर्मचारियों को कुल 27 लाख 1 हजार 616 रुपये की धनराशि का भुगतान कराया गया। वहीं अन्य प्राप्त प्रार्थना-पत्रों को अग्रिम कार्रवाई के लिए पेंशन निदेशालय भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteमंडलायुक्त ने पेंशन संबंधी मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी कार्यालयाध्यक्षों एवं आहरण-वितरण अधिकारियों को प्रत्येक माह के प्रथम सोमवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक पेंशन प्रकरणों की सुनवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पिछले पांच वर्षों में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के लंबित पावनों तथा आगामी छह माह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची वरिष्ठ कोषाधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा गया है।डीएम अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित देयों का भुगतान उनके सम्मान और अधिकार से जुड़ा विषय है। भुगतान मिलने पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने मंडलायुक्त और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि करीब पांच वर्षों से लंबित समस्या का समाधान होने से उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली है।